Become staff will answer

स्टाफ बनेगा जवाब देह
अगर आप वर्कप्लेस पर बेहतर परिणाम चाहते हैं तो आपको अपने स्टाफ को जवाबदेह बनाना होगा। इसके लिए आपको अपने हर एम्प्लॉई की जिम्मेदारी तय करनी होगी। जवाबदेही तय होने पर संस्थान की तरक्की सुनिश्चित होगी। जानते हैं कि एम्प्लॉई को जवाबदेह कैसे बनाएं।
संवाद बनाए रखें
सीनियर मैनेजमेंट को एम्प्लॉइज के साथ नियमित मीटिंग करनी चाहिए और बातों को ध्यान से सुनना चाहिए। लक्ष्य तय करते समय टीम के सदस्यों की राय भी लेनी चाहिए। इससे एम्प्लॉइज में संदेश जाएगा कि आप उन्हें महत्व देते हैं। इससे वे जिम्मेदार बनेंगे।
आगे बढ़ने की छूट दें
अगर आप अपने एम्प्लॉइज को जवाबदेह बनाना चाहते हैं तो आपको उन्हें आगे बढ़ने की छूट देनी होगी। लोग खुद तय करना चाहते हैं कि क्या चीज काम करती है और क्या नहीं। इसलिए उन्हें प्रयोग करने की छूट देना जरूरी है। उन्हें फीडबैक दें और प्रोसेस में सीखने के लिए प्ररित करें।
भरोसा करें
अगर आप अपने एम्प्लॉइज पर भरोसा नहीं करते हैं तो आप कभी भी उन्हें जवाबदेह नहीं बना सकते। इसलिए अपनी टीम पर भरोसा करें। अगर आप उनके साथ समझदार व्यक्ति की तरह पेश आएंगे तो वे भी अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह से निभाने की कोशिश करेंगे। उन्हें ड्यूटी दें और रिजल्ट्स आने तक इंतजार करें।
अस्पष्टता दूर करें
आपको कंपनी की इंटरनल प्रोसेस को क्लीयर रखना चाहिए। आपके निर्णय बिल्कुल स्पष्ट होने चाहिए। काम के दौरान पैदा होने वाले हर तरह के कन्फ्यूजन को दूर करने से टीम मेंबर्स बेहतर तरीके से काम करते हैं। अगर कोई टीम पूरी तरह से अकाउंटेबल है तो वह इनोवेशन को महत्व देगी और परफॉर्मेंस में सुधार भी करेगी।
डर को दूर रखें
अगर कोई एम्प्लॉई अपने टारगेट्स पूरे नहीं कर पा रहा है तो इसका कारण पता करें। उसे समझाएं, पर कठोर सजा न दें। अगर आप वर्कप्लेस पर होने वाली गलतियों के लिए एम्प्लॉइज को कठोर दंड देने लगेंगे तो इससे डर को माहौल पैदा होगा और एम्प्लॉइज कभी भी खुलकर काम नहीं कर पाएंगे। लोगों को गलतियां करने और उनसे सीखने की छूट मिलनी चाहिए।


