Boss does not stay organized

बॉस नहीं रहता है व्यवस्थित
अगर आपका बॉस वर्कप्लेस पर अव्यस्थित रहता है तो आपको गाइडेंस और फीडबैक नहीं मिल पाता। आपको आगे बढ़ने के लिए क्लीयर विजन का अभाव भी महसूस होता है। अगर आप ऐसे बॉस के साथ काम करते हैं तो कुछ खास बातों का खयाल जरूर रखें।
फोकस बनाए रखें
अक्सर देखा जाता है कि बॉस अव्यस्थित होता है, तो कर्मचारी भी अव्यस्थित हो जाते हैं। पर आपको अपना फोकस बनाए रखना चाहिए। अगर आप अपनी प्राथमिकताओं को लेकर क्लीयर नहीं हैं तो उन्हें खुद परिभाषित करें। आप टीम को लीड कर सकते हैं। आप निश्चित प्लान की दिशा में आगे बढ़ते हुए काम कर सकते हैं।
आगे की योजना बनाएं
अगर आपको पता है कि आपके बॉस जरूरी कामों के बीच में भटक जाते हैं तो एडवांस में ही मीटिंग व्यवस्थित करें और सभी के साथ एजेंडा शेयर करें। अपने डिस्कशन प्वॉइंट्स तैयार करें और आगे बढ़ने के रास्ते की योजना बनाएं। अगर आप खुद ढीले पड़ जाएंगे तो संकट खड़ा हो जाएगा।
बातचीत का दस्तावेज बनाएं
अगर आपके बॉस की आदत है कि वह हर काम के लिए आपको दोषी ठहरा देता है तो आपके लिए जरूरी है कि बातचीत का डॉक्यूमेंटेशन करें। उनसे लिखित में आदेश लें। निरंतर संवाद बनाएं रखें और काम की प्रगति से बॉस को अवगत करवाते रहें। इससे अंतिम क्षणों में बदलाव की गुंजाइश कम होगी।
शंकाओं के बारे में पूछें
आपको बॉस से अपनी शंकाओं के बारे में सवाल करते रहने चाहिए। अगर आप सवाल नहीं करेंगे और बाद में स्थितियां बिगड़ेगी तो सारा दोष आपको दिया जाएगा। आपको बॉस के लगातार संपर्क में रहना चाहिए और काम को व्यवस्थित रखने के तरीके पता करने चाहिए।
अंदर से शांत रहें
हो सकता है कि आपको बॉस के अव्यवस्थित रहने की आदत पर काफी गुस्सा आए। पर आपको अंदर से शांत रहने की कोशिश करनी चाहिए। आपको स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास करना चाहिए। आखिरकार आपको बॉस और टीम के साथ मिलकर काम की जिम्मेदारी निभानी है, इसलिए ज्यादा उत्तेजित होने से बचें। शांति से काम करेंगे तो परिणाम मिलेंगे।


