Confirmed in Office

ऑफिस में जरूरी है कंफर्ट
अपना ऑफिस डिजाइन करते समय कुछ बातों पर करें गौर। आपका ऑफिस कितना ही स्टाइलिश क्यों न हो, अगर उसमें एंप्लॉई को कंफर्ट देने वाली चीजों का ख्याल नहीं रखा तो बेकार है। ऑफिस में एंप्लॉई के लिए कंफर्ट जरूरी है। यहां कंफर्ट का अर्थ आरामपरस्ती न निकालें। यहां कंफर्ट का अर्थ है एंप्लॉइज को कामकाज के दौरान उपयुक्त एवं सहज माहौल देना, जिसमें वे बिना किसी परेशानी के पूरी एकाग्रता के साथ अपना काम कर सकें। आजकल स्टाइलिश दिखने वाले ऑफिसेज का चलन है। सुंदर ऑफिस वाली सोच गलत नहीं है लेकिन अगर इसमें आप एंप्लॉई के कंफर्ट की मूल चीजों को नजरअंदाज कर जाते हैं तो इसका नुकसान आपको भी होगा।
शोर न हो ज्यादा
ऑफिस में एकाग्रता के साथ काम करने के लिए जरूरी है कि ऑफिस के अंदर या बाहर से बहुत ज्यादा शोर न आता हो। इसके लिए डिसीप्लीन के साथ-साथ शोर वाले उपकरणों पर भी गौर करें।
कितना गिरेगा पारा
एसी ऑफिसेज के बहुत से एंप्लॉईज की शिकायत रहती है कि तापमान बहुत कम रखा जाता है। एसी से तापमान सेट करते हुए बाहर के मौसम का भी ख्याल करें और संभव हो तो स्वास्थ्य के लिहाज से परेशानी झेलने वालों को सीटें बदलने का मौका दें।
कितनी हो रोशनी
काम के स्थान पर पर्याप्त रोशनी जरूरी है लेकिन यह इतनी ज्यादा न हो कि लोगों की आंखों को चुभने ही लग जाए। कम्प्यूटर्स की स्क्रीन पर बाहर से आने वाला प्रकाश न पड़े । इन चीजों पर भी ध्यान देना होगा।


