Image on the workplace

वर्कप्लेस पर बनी रहे इमेज
कइ्र बार वर्कप्लेस पर ऐसी स्थिति आ जाती है, जब काम को लेकर आपकी छवि खराब होने लगती है। हो सकता है कि ऐसा ऑफिस पॉलिटिक्स के कारण हो रहा हो या आप काम को सही तरह से हेंडल नहीं कर पा रहे हों, दोनों ही स्थितियों में आपको सही तरह से खुद को स्थापित करना चाहिए।
मामले का पता लगाएं
कई बार कंपनी इंटरनल ट्रांसफर, भुगतान में कटौती या जिम्मेदारियों को कम करके आपको बताती है कि सब कुछ सही नहीं चल रहा है। ऐसे में इसकी वजह पता करें। हो सकता है कि आपके काम में कोई कमी हो या कोई आपकी छवि खराब कर रहा हो। ऐसे में परेशान होने के बजाय चीजों को समझने की कोशिश करें और पता करें कि आपको क्या चीज सीखनी है। इससे आपको अपनी गलतियां सुधारने का भी मौका मिलता है।
नजरिया समझें
एक बार समस्या समझ में आ जाने के बाद आपको मैनेजमेंट से मिलना चाहिए और उनको नजरिया समझना चाहिए। आपको उनसे पॉजिटिव पहलुओं के बारे में बात करनी चाहिए। आपको अपनी बात को भी स्पष्ट कर देना चाहिए।
मेंटर से लें सलाह
अगर आपको वर्कप्लेस पर प्रभावहीन बनाने की कोशिश की जाती है तो आपको अपने दोस्तों और मेंटर से मिलकर स्थिति पर विचार करना चाहिए। बाहरी लोगों से नजरिये से चीजों को देखने पर मामले में समझ विकसित होती है।
नकारात्मकता से दूर रहें
अगर ऑफिस में आपके इंटरनल ट्रांसफर को लेकर चर्चा हो और साथी आपसे सवाल पूछें तो परेशान होने के बजाय अपने काम पर ध्यान दें। सबको संतुष्ट करने के बजाय काम पर फोकस करने से ही नेगेटिविटी दूर हो पाएगी।
विकल्पों पर गौर करें
कॅरियर को बेहतर बनाने के लिए हमेशा नए और अच्छे विकल्पों पर गौर करते रहना चाहिए। रीस्किलिंग प्रोग्राम और नेटवर्किंग से कॅरियर के कई बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। अगर आपको लगता है कि मौजूदा कंपनी में आपकी इमेज तेजी से खराब होती जा रही है, तो आप किसी और कंपनी में भी ट्राई कर सकते हैं। आपको अपनी इंडस्ट्री के बेस्ट लोगों से मिलकर अपनी खूबियों के बारे में बताना चाहिए। आपको अपने काम के आधार पर रोल मांगना चाहिए।


